अंबिकापुर/बतौली(आधार स्तंभ) : अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाइवे क्रमांक- 43 पर बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार की रात बाइक सवार 3 युवकों को पीछे से पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे तीनों युवक सडक़ पर जा गिरे। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक 2 युवकों को कुचलते हुए निकल गया। ट्रक से कुचल जाने से दोनों का भेजा बाहर आ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया। तीनों युवक बाइक पर सवार होकर अपनी बड़ी मां के दशकर्म कार्यक्रम की सूचना देकर रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे।
सरगुजा जिले के बतौली मानपुर निवासी अकल साय 25 वर्ष, नान्हू गोंड़ पिता शिवबोध 30 वर्ष व जयप्रकाश गोंड़ पिता सुखराम 35 वर्ष अपनी बड़े मां के देहांत के बाद दशकर्म कार्यक्रम की सूचना देने रविवार को रिश्तेदार के यहां रायगढ़ जिले के ग्राम कापू गए थे। वहां से तीनों बाइक क्रमांक सीजी 15 डी डब्लू 1719 पर सवार होकर रात में घर लौट रहे थे।
रात करीब 8.30 बजे तीनों रायगढ़-अंबिकापुर एनएच पर बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बासेन के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर से तीनों सडक़ पर जा गिरे। इस दौरान अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक नान्हू और जयप्रकाश को रौंदते हुए निकल गया।
दोनों के सिर पर पहिया चढ़ जाने से सिर के टुकड़े हो गए। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अकल साय गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
सडक़ हादसे की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस के अलावा सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को एंबुलेंस से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। इधर मृत दोनों युवकों का शव उठवाकर बतौली अस्पताल की मरच्यूरी में रखवाया गया। सोमवार को पीएम पश्चात शव उनके परिजन को सौंप दिया गया। सडक़ हादसे में दोनों युवकों की मौत से उनके परिजन में मातम पसर गया है।
हेलमेट की वजह से बची जान
दुर्घटना के दौरान घायल अकल साय ने हेलमेट पहन रखा था, इस वजह से उसकी जान बच गई। इधर बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक और ट्रक चालक फरार हो गए। अब दोनों वाहनों को पकडऩा पुलिस के लिए मुसीबत बन गया है। पुलिस नेशनल हाइवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटनाकारी वाहनों का पता चल सके।



