कोरबा में गुमशुदगी के मामले बढ़े, महिलाएं-युवती और युवक लापता

Must Read

कोई बैंक जाने निकली तो कोई मायके, एक युवती रोजगार के लिए गई दिल्ली; परिजन तलाश में परेशान

कोरबा (आधार स्तंभ)। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीते महीनों के दौरान महिलाओं, युवती और युवकों के लापता होने के कई मामले सामने आए हैं। कुछ मामलों में परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। कई प्रकरणों में परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका भी जताई है। पुलिस द्वारा संबंधित मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच एवं पतासाजी की जा रही है।

बैंक जाने निकली महिला बच्ची के साथ लापता

बांगी थाना क्षेत्र के ग्राम सासिन निवासी महावीर मरकाम ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी रेखा मरकाम (26 वर्ष) 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे बैंक के काम से जाने की बात कहकर अपनी दो वर्षीय छह माह की पुत्री साक्षी को साथ लेकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।

परिजन द्वारा तलाश किए जाने के बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला को ले जाने की आशंका जताई गई। मामले में पुलिस ने धारा 140(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

रोजगार के लिए दिल्ली गई युवती से संपर्क टूटा

बांगी थाना क्षेत्र के ग्राम सरभोका निवासी सोनमतिया धनुहार (24 वर्ष) 12 नवंबर 2025 को अपनी सहेली सरिता धनुहार के साथ काम करने के लिए दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।

परिजनों के अनुसार, दिल्ली पहुंचने के बाद सोनमतिया से फोन पर बातचीत होती रही। उसने झाड़ू-पोंछा का काम करने, करीब 10 हजार रुपये मासिक मजदूरी मिलने और ठीक से रहने की बात बताई थी। बताया गया कि 20 जुलाई 2026 के बाद उसका मोबाइल बंद है और संपर्क नहीं हो पा रहा है।

परिजनों ने उसकी पहचान के लिए कुछ शारीरिक पहचान चिन्ह भी पुलिस को बताए हैं। मामले में गुम इंसान क्रमांक 27/2026 कायम कर पतासाजी की जा रही है।

जून से लापता है समारो बाई

बांगी थाना क्षेत्र के ग्राम बजारी रावणभांठा निवासी समारो बाई बिंझवार (25 वर्ष) 10 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटी।

परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे ले जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले में धारा 140(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

तीन बच्चों को छोड़कर लापता हुई महिला

कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम दहुआमुड़ा महुआपारा निवासी लालचंद सारथी ने अपनी पत्नी शुनिया बाई के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। बताया गया कि शुनिया बाई 23 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे अपने तीन बच्चों को घर पर छोड़कर कहीं चली गई।

परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। पति ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे अपने साथ ले गया होगा। महिला के साथ मोबाइल फोन और घर में रखी कुछ नकदी भी ले जाने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर पतासाजी शुरू की है।

मायके जाने निकली पत्नी वापस नहीं लौटी

दीपका थाना क्षेत्र के टावर मोहल्ला निवासी संतोष कुमार डंसेना ने अपनी पत्नी रमला बाई (32 वर्ष) के लापता होने की सूचना दी। पति के अनुसार वह करीब सात माह से दीपका क्षेत्र की रूंगटा कंपनी में काम करने के कारण पत्नी के साथ रह रहा था।

4 अगस्त 2026 को रमला बाई अपनी दीदी गुरबारी बाई के घर ज्योतिनगर, दीपका जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजन द्वारा तलाश किए जाने के बाद भी जानकारी नहीं मिली। मामले में पुलिस ने धारा 140(3) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

शिक्षक की पत्नी भी लापता

दीपका थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में शिक्षक लाल मरकाम (49 वर्ष) की नवविवाहिता पत्नी अर्चना मरकाम के लापता होने की सूचना सामने आई है। बताया गया कि अर्चना अपने मायके सिरकी, गांधीनगर में रह रही थी और 22 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई।

काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले में अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में धारा 140(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

काम पर जाने निकला युवक भी नहीं लौटा

बांगी थाना क्षेत्र के ग्राम बजारी रापेपरपारा निवासी परमेश्वर कुशरो ने अपने भाई तुलेश्वर सिंह कुशरो (26 वर्ष) के लापता होने की सूचना दी। बताया गया कि तुलेश्वर 12 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे कटघोरा स्थित शारदा राइस मिल में काम करने जाने की बात कहकर घर से निकला था।

वह पहले भी वहां काम करने जाता रहा था, इसलिए शुरुआती तौर पर परिजनों ने विशेष तलाश नहीं की। बाद में मोबाइल बंद मिलने पर शारदा राइस मिल में जानकारी ली गई, जहां उसके काम पर नहीं पहुंचने की बात सामने आई। आसपास और रिश्तेदारी में तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला।

पुलिस की पतासाजी पर टिकी उम्मीद

जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए इन गुमशुदगी के मामलों ने लापता लोगों के परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर गुमशुदा महिलाओं, युवती और युवक की तलाश की जा रही है।

कुछ मामलों में परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर या अपने साथ ले जाने की आशंका जताई है। हालांकि इन आशंकाओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस की जांच, मोबाइल लोकेशन, संपर्क सूत्रों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Latest News

पंकज सिंह और किन्नर समुदाय के बीच विवाद ने लिया नया मोड़, दोनों पक्षों ने जारी किया वीडियो….

चाकू से हमले के आरोप से मचा हड़कंप, किन्नर समुदाय की प्रमुख शैली ने वीडियो जारी कर दी सफाई दीपका(आधार...

More Articles Like This

- Advertisement -