कोरी डैम में डूबने से शिक्षा विभाग के क्लर्क की मौत, तीन घंटे बाद मिला शव

Must Read

बिलासपुर(आधार स्तंभ) :  कोटा थाना क्षेत्र स्थित कोरी डैम के वेस्ट वेयर में सोमवार को नहाने के दौरान शिक्षा विभाग के एक क्लर्क की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगला निवासी दिग्विजय कुमार कौशिक (34) के रूप में हुई है। वह शिक्षा विभाग में क्लर्क के पद पर पदस्थ था और कोटा ब्लॉक के ग्राम धौराभाठा स्थित स्कूल में उसकी पोस्टिंग थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपने दोस्तों के साथ कोरी डैम घूमने पहुंचा था। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ की टीम ने पानी की तह से उसका शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार दिग्विजय ने सोमवार को घरेलू काम के लिए छुट्टी ली थी। घर का काम निपटाने के बाद वह दोस्तों के साथ घूमने निकला। बताया जा रहा है कि उसने शराब का सेवन किया था। इसके बाद दोपहर करीब 12.30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ कोरी डैम पहुंचा। यहां दिग्विजय समेत तीन युवक वेस्ट वेयर के पानी में नहाने के लिए उतरे, जबकि दो अन्य दोस्त बाइक के पास ऊपर बैठे रहे।

पानी में उतरने के बाद दिग्विजय अपने साथियों के साथ तैरते हुए आगे बढ़ा। उसके दोस्त नीतेश कुमार सोंचे और एक अन्य युवक आगे निकल गए। कुछ देर बाद जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो दिग्विजय दिखाई नहीं दिया। उन्होंने ऊपर बैठे दोस्तों से उसके बारे में पूछा, तो पता चला कि वह पानी में ही था। इसके बाद सभी ने आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

घटना की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ के जवानों ने पानी के भीतर से दिग्विजय का शव बरामद किया।

बताया जा रहा है कि दिग्विजय को तैरना आता था। उसके साथ मौजूद नीतेश ने बताया कि वह और दिग्विजय एक ही स्कूल में पदस्थ हैं। दिग्विजय ने ही उसे फोन कर घूमने के लिए बुलाया था। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी यह चर्चा रही कि जिस स्थान पर दिग्विजय डूबा, वहां पानी की गहराई करीब पांच फीट बताई जा रही है, जबकि उसकी लंबाई भी लगभग पांच फीट थी। इसके बावजूद वह पानी से बाहर नहीं निकल सका।

पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। कोटा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Latest News

30 लाख रुपए का लोन दिलाने का झांसा देकर असिस्टेंट मैनेजर से 8 लाख की ठगी

कोरबा(आधार स्तंभ) :  बालको में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत एक अधिकारी को 30 लाख रुपए का लोन...

More Articles Like This

- Advertisement -