भैंस की तलाश में जंगल गए ग्रामीण को हाथी ने कुचला, मौत

Must Read

कोरबा(आधार स्तंभ) :     कटघोरा वन मंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धवलपुर में रविवार रात जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष कुमार गोंड (40 वर्ष), पिता शिवमंगल सिंह, निवासी ग्राम धवलपुर, के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार संतोष कुमार रविवार शाम अपनी भैंस की तलाश में जंगल की ओर गया था। देर रात करीब 9 बजे जंगल में उसका सामना विचरण कर रहे एक हाथी से हो गया। हाथी ने उस पर हमला कर दिया और कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां संतोष का शव बरामद किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। शेष 5 लाख 75 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता नियमानुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दी जाएगी।

हाथियों से सतर्क रहने की अपील

कटघोरा वन मंडल के डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि धवलपुर में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मृत्यु हुई है। वन विभाग ने तत्काल सहायता राशि उपलब्ध करा दी है तथा शेष मुआवजा भी नियमानुसार दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जंगल या प्रभावित क्षेत्र में अकेले न जाएं। वन विभाग लगातार हाथियों की निगरानी कर रहा है और लोगों को सुरक्षित रहने के लिए मुनादी व अन्य माध्यमों से जागरूक किया जा रहा हैं।

 

Latest News

ग्राम डीडासरई–देवपहरी के जंगल में दो महिलाओं के ऊपर भालू ने किया खतरनाक हमला

कोरबा(आधार स्तंभ)  :   जिले के वनांचल ग्राम डीडासरई–देवपहरी के जंगल में मंगलवार शाम करीब 6 बजे भालू के हमले...

More Articles Like This

- Advertisement -