बिलासपुर,(आधार स्तंभ) : बिलासपुर में पति-पत्नी की लाश कमरे में फंदे पर लटकती मिली है। दोनों के एक साथ सुसाइड करने की आशंका है। मंगलवार सुबह बच्चों के रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक पहुंचा तब उनकी लाश को फांसी पर लटकते देखा। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है।शहर से सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर 12 में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब किराए के मकान में रहने वाले पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। दोनों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा के रूप में हुई है।
घटनास्थल से किसी तरह का सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।पुलिस पति-पत्नी के इस कदम के पीछे की वजह पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।घटना के बाद दोनों छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुबह तक जिन्हें अपने माता-पिता के साथ होना था, वे कुछ ही देर में अकेले रह गए। आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर गम और सदमे का माहौल है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




