सक्ती बाराद्वार | बाराद्वार थाना क्षेत्र के डुमरपारा गांव में महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक जघन्य हत्याकांड का खुलासा हुआ है।
घटना 30 मई की है, जब रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि डुमरपारा में एक महिला का शव खंडहरनुमा मकान में पड़ा हुआ है। थाना प्रभारी लखन लाल पटेल तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका की पहचान 45 वर्षीय दुवासबाई केंवट के रूप में हुई, जिसके माथे, सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जांच की गई। मृतका के पति रामकुमार केंवट ने बताया कि वह सुबह आश्रम गया था और शाम 7 बजे लौटने पर पत्नी घर में नहीं मिली। खोजबीन में वह पास के खंडहर में मृत अवस्था में मिली।
जांच में सामने आया कि दुवासबाई का गांव के ही रामुकमार केंवट उर्फ कर्रीहा (उम्र 48 वर्ष) से पिछले 10 वर्षों से अवैध संबंध थे। आरोपी पहले अपनी पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी भी कर चुका था, लेकिन प्रेम-प्रसंग की वजह से दूसरी पत्नी भी उसे छोड़ गई थी।
हत्या के दिन जब मृतका ने आरोपी से ₹5000 की मांग की और न मिलने पर थप्पड़ मार दिया, तो आरोपी ने गुस्से में लकड़ी के गुटके से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।



