शादी के दो दिन बाद हाईवोल्टेज ड्रामा, दुल्हन के ससुराल पहुंचा कथित प्रेमी, थाने तक पहुंचा मामला

Must Read

मनेंद्रगढ़(आधार स्तम्भ) :  छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद और हंगामे में बदल गया, जब शादी के महज दो दिन बाद दुल्हन का कथित प्रेमी उसके ससुराल पहुंच गया। प्रेमी ने घर के बाहर जमकर हंगामा करते हुए दावा किया कि वह युवती के साथ पिछले तीन वर्षों से रिश्ते में था और दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। इस घटनाक्रम के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, युवती की हाल ही में पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद परिवार रिसेप्शन की तैयारियों में जुटा हुआ था। इसी बीच शुक्रवार को अचानक कथित प्रेमी दुल्हन के ससुराल पहुंच गया। वहां पहुंचते ही उसने दुल्हन से मिलने की जिद शुरू कर दी और परिवार के सामने दावा किया कि युवती उसके साथ लंबे समय से रिलेशनशिप में थी।

घटना की खबर फैलते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते दूल्हा पक्ष और कथित प्रेमी के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रेमी लगातार यह कहता रहा कि युवती परिवार के दबाव में किसी अन्य युवक से शादी करने को मजबूर हुई है और वह अपनी प्रेमिका को किसी और के साथ नहीं देख सकता।

स्थिति बिगड़ती देख मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। विवाद बढ़ने पर पुलिस दूल्हा, दुल्हन और कथित प्रेमी तीनों को थाने लेकर पहुंची। उनके पीछे-पीछे दोनों पक्षों के परिजन भी थाने पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब दो बजे तक थाने में पूछताछ, समझाइश और बातचीत का दौर चलता रहा। थाना प्रभारी विवेक पाटले ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन कई घंटों तक चली चर्चा के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका।

सूत्रों के अनुसार, दूल्हे ने साफ तौर पर कह दिया कि अब वह दुल्हन को अपने साथ नहीं रखेगा। उसका आरोप है कि उसे अंधेरे में रखकर शादी कराई गई। दूल्हे ने पुलिस को शिकायत देकर अपना सामान वापस दिलाने और तलाक की इच्छा जताई है।

वहीं दूसरी ओर कथित प्रेमी थाने में भी युवती के साथ रहने की बात पर अड़ा रहा। शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे एहतियातन लॉकअप में बंद कर दिया।

इस पूरे विवाद का असर शादी के बाद होने वाले रिसेप्शन कार्यक्रम पर भी पड़ा। दूल्हा पक्ष ने रिसेप्शन कार्यक्रम रद्द कर दिया। हालात ऐसे बने कि दुल्हन को थाने से ही अपने मायके लौटना पड़ा।

घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि युवती पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जबकि दूल्हे ने पुलिस को शिकायत सौंपी है।

मामले को लेकर थाना प्रभारी विवेक पाटले ने कहा कि यह एक सामाजिक विषय है और फिलहाल जांच तथा बातचीत जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Latest News

ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बिलासपुर(आधार स्तम्भ) :  ​जिले के बेलगहना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक...

More Articles Like This

- Advertisement -