कोरबा(आधार स्तंभ) : जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लेपरा में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। लंबे समय से चली आ रही रंजिश के बीच बड़े भाई ने छोटे भाई पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच ग्राम लेपरा निवासी कैलाश धनवार और उसके छोटे भाई मथुरा धनवार के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और कैलाश धनवार ने टंगिया से मथुरा धनवार पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में मथुरा धनवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में मामला लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैलाश धनवार फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।




