कोरबा(आधार स्तंभ) : नाला के तेज बहाव में बाइक पार करने के दौरान एक युवक बाइक समेत बह गया। घटना के 12 घंटे बाद मंगलवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त तलाश के बाद लापता युवक का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। घटना के वक्त उसका साथी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
जानकारी के मुताबिक घटना लेमरू थाना क्षेत्र का है। वनांचल ग्राम नकिया का निवासी 28 वर्षीय राहुल कुमार मंझवार अपने दोस्त बुधराम मंझवार के साथ सोमवार को घरेलू काम से कोरबा शहर आया था। देर शाम दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले स्थित सांचर नाला उफान पर है। ग्रामीणों के मुताबिक नाला में पानी का बहाव बेहद तेज है, लेकिन राहुल ने बाइक से ही नाला पार करने की कोशिश की।
इसी दौरान उसका साथी बुधराम खतरा भांपते हुए बाइक से उतर गया। राहुल जैसे ही बाइक लेकर नाला को पार करने लगा, तेज बहाव में वह बाइक समेत बह गया। बुधराम ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पानी का स्तर कुछ कम होने पर गांव पहुंचकर परिजनों और पुलिस को हादसे की सूचना दी। अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण सोमवार रात युवक की तलाश संभव नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया।
कई घंटे की तलाश के बाद राहुल का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नाला में बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से परिजनों सहित गांव में शोक व्याप्त हैं।




