रायपुर(आधार स्तंभ) : छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और प्रदेश के सभी हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव (Low Pressure Area) के कारण अगले 5 दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। खासकर मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है।
गुरुवार को रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में दिनभर रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली। वहीं कुछ जिलों में तेज बारिश भी रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 37.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लो प्रेशर सिस्टम से बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और अगले दो से तीन दिनों में इसके और मजबूत होने की संभावना है।
इसके अलावा सीजनल ट्रफ (द्रोणिका) उत्तर-पश्चिम राजस्थान से होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ के रास्ते बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं विंड शियर जोन भी सक्रिय है, जिसके कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को और बल मिलेगा।
गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली (वज्रपात) और अंधड़ की भी आशंका जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। दिनभर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रहने की संभावना है।



