कटघोरा में रात होते ही दो भीषण सड़क हादसे, दो लोगों की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

Must Read

छुरी-सलोरा बकरा बाजार के पास बाइक खड़े ट्रक से टकराई, पति की मौके पर मौत; लालघाट के पास स्कॉर्पियो-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में युवक ने तोड़ा दम

कोरबा(आधार स्तंभ) : जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। छुरी-सलोरा बकरा बाजार के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, लालघाट के पास स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

बकरा बाजार के पास खड़े ट्रक से भिड़ी बाइक, पति की मौत

पहला हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित सलोरा बकरा बाजार के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, बिंझरी निवासी एक दंपती बाइक से अपने ससुराल सिरकी जा रहा था। दोनों गोरा पूजा में शामिल होने के लिए निकले थे।

इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक अचानक सड़क पर रुका था और तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर उसके पीछे जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत

दूसरा हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के लालघाट के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान की जा रही है।

पुलिस ने जब्त किए दुर्घटनाग्रस्त वाहन

दोनों सड़क हादसों की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाओं में शामिल वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि दोनों हादसों में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। दोनों मामलों में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक ही रात में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत और एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।

Latest News

जमीन विवाद में रिश्तेदार की हत्या करने वाले पिता-पुत्र को आजीवन कारावास

कोरबा,(आधार स्तंभ) :  जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में टांगी और रांपा से हमला कर रिश्तेदार की...

More Articles Like This

- Advertisement -