हत्या के आरोपी तक पहुंचा ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’, घटनास्थल से सीधे कौशल सूर्यवंशी के घर पहुंचा

Must Read

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी सफलता, उधारी के पैसों के विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या का मामला; मुख्य आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

जांजगीर (आधार स्तंभ)। उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी को रायपुर से गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। घटनास्थल से ट्रैकर डॉग गब्बर सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा था। पुलिस ने उसके घर की जांच की, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी कौशल सूर्यवंशी ने मृतक के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पत्थर से सिर पर प्राणघातक हमला कर हत्या करने का अपराध स्वीकार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला थाना सिटी कोतवाली जांजगीर क्षेत्रांतर्गत ग्राम खोखरा का है। दिनांक 19 नवंबर 2026 को सूचक कमल सूर्यवंशी, निवासी सूर्या चौक खोखरा ने थाने में सूचना दी कि 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा निवासी कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और मृतक देवनारायण सूर्यवंशी एक साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे।

इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थर से देवनारायण सूर्यवंशी के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट (SOCU) और पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया।

ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ ने आरोपी के घर तक पहुंचाया

घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस के मुताबिक, गब्बर घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा था।

पुलिस टीम जब कौशल के घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद से ही पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। ट्रैकर डॉग गब्बर की इस कार्रवाई ने जांच को महत्वपूर्ण दिशा दी और पुलिस को मुख्य आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली।

इतवारी पहले ही गिरफ्तार, कौशल रायपुर से पकड़ा गया

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी घटना के बाद से फरार चल रहा था।

जिले के पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी को रायपुर से हिरासत में लिया और जांजगीर लाया। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पत्थर से मृतक के सिर पर प्राणघातक हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  • मुख्य आरोपी: कौशल सूर्यवंशी, पिता राम रतन सूर्यवंशी, उम्र 40 वर्ष, निवासी सूर्या चौक, ग्राम खोखरा, जांजगीर।
  • पूर्व में गिरफ्तार आरोपी: इतवारी सूर्यवंशी, पिता कामता सूर्यवंशी, उम्र 42 वर्ष, निवासी सूर्या चौक, ग्राम खोखरा, जांजगीर।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी विवाद की स्थिति में हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

Latest News

दूसरे प्रेमी के साथ देख भड़का शादीशुदा प्रेमी, महिला की हत्या कर झाड़ियों में छिपाया शव

जांजगीर-चांपा/कोरबा (आधार स्तंभ)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में प्रेम संबंधों के विवाद में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज...

More Articles Like This

- Advertisement -