जांजगीर-चांपा/कोरबा (आधार स्तंभ)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में प्रेम संबंधों के विवाद में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 51 वर्षीय शादीशुदा प्रेमी ने अपनी 45 वर्षीय प्रेमिका को दूसरे व्यक्ति के साथ देखकर उसकी हत्या कर दी और शव को गांव के पास झाड़ियों में छिपा दिया। दो दिनों तक महिला का पता नहीं चलने पर गांव में उसकी तलाश शुरू हुई। संदेह के घेरे में आए आरोपी ने बाद में अपने बेटे के सामने हत्या की बात कबूल की और जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। फिलहाल आरोपी का कोरबा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने महिला का शव बरामद किया है।
मामला बलौदा थाना क्षेत्र के पंतोरा चौकी इलाके का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरे प्रेमी के साथ देखकर हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंगारखार गांव निवासी धनेश्वरी बाई (45) की शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति की मौत हो गई थी। वह अपने बच्चों के साथ रह रही थी। इसी गांव का रहने वाला शिवचरण यादव (51) भी शादीशुदा है। बताया गया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।
रविवार को शिवचरण ने धनेश्वरी को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ देख लिया। इस बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान महिला के साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति वहां से चला गया। इसके बाद गुस्से में आकर शिवचरण ने कथित तौर पर धनेश्वरी की हत्या कर दी।
आरोप है कि हत्या के बाद उसने शव को गांव के पास नल के समीप झाड़ियों में छिपा दिया और वहां से अपने घर लौट गया।
दो दिन तक तलाश, गांव की बैठक में जताया गया संदेह
घटना के बाद धनेश्वरी दो दिनों तक घर और गांव में दिखाई नहीं दी। इस पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का पता नहीं चलने पर गांव में बैठक बुलाई गई।
बैठक में शिवचरण पर संदेह जताया गया। ग्रामीणों ने उसे बुलाकर धनेश्वरी के बारे में पूछताछ की, लेकिन उसने किसी भी जानकारी से इनकार कर दिया। इसके बाद वह वहां से अपने घर लौट गया।

बेटे के सामने कबूली हत्या, फिर जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, घर लौटने के बाद शिवचरण ने अपने बेटे दुर्गेश यादव को बताया कि उससे गलत काम हो गया है और उसने धनेश्वरी की हत्या कर दी है।
इसके बाद वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह खेत में बेहोशी की हालत में मिला। बताया गया है कि उसने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए कोरबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
अस्पताल से मिली सूचना, पुलिस ने बरामद किया शव
जहर खाने के मामले की जानकारी जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से पंतोरा चौकी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शिवचरण से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर धनेश्वरी की हत्या करने और शव को नल के पास झाड़ियों में छिपाने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर बुधवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झाड़ियों से महिला का शव बरामद किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे प्रेम संबंधों में विवाद को वजह बताया जा रहा है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।




