कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर हादसों का सिलसिला जारी, 10 ब्लैक स्पॉट चिह्नित; सुरक्षा इंतजाम अधूरे

Must Read

कोरबा,(आधार स्तंभ) :  छत्तीसगढ़ को झारखंड, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और बिहार से जोड़ने वाले कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (NH-130) पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस टू-लेन हाईवे पर हर साल बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन हादसों में कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। इसके बावजूद हाईवे पर सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा सके हैं। हाल ही में किए गए संयुक्त निरीक्षण में 10 प्रमुख दुर्घटनाजन्य स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान की गई है। इन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट, संकेतक बोर्ड, रेडियम मार्किंग और अन्य जरूरी सुरक्षा सुविधाओं की कमी सामने आई है।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले की प्रमुख सड़कों का संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके पालन में पुलिस, परिवहन विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संयुक्त टीम ने कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे का निरीक्षण किया। इस दौरान 10 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए, जहां सड़क की स्थिति और सुरक्षा सुविधाओं के अभाव में दुर्घटनाओं की आशंका अधिक बनी हुई है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक कटघोरा और बांगो थाना क्षेत्रों में इस हाईवे पर 100 से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें 60 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। मंगलवार रात लालघाट के पास अंधेरे में स्कॉर्पियो और बाइक के बीच हुई टक्कर में बांगो निवासी परमेश्वर कंवर की मौत हो गई। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा उपायों की जरूरत को उजागर करता है।

बुधवार को चकचकवा चौक से चंदनपुर होते हुए केंदई तक हाईवे की पड़ताल में कई गंभीर खामियां सामने आईं। तानाखार चौराहा (नवतराई मोड़) पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है, लेकिन दोनों ओर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं। तानाखार पुल पर सड़क की खराब स्थिति और अंधेरे के बावजूद प्रकाश व्यवस्था का अभाव है। पोड़ी बाजार में मोड़ और सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। जटगा मोड़ पर रात के समय घना अंधेरा रहता है। केंदई हसदेव घाट और केंदई क्षेत्र में भी प्रकाश व्यवस्था तथा संकेतक बोर्ड की कमी है। यहां सोलर लाइट और रेडियम संकेतक बोर्ड लगाए जाने की आवश्यकता है।

इसी तरह गोल्डन आइलैंड पर रोशनी और संकेतक बोर्ड नहीं हैं। कटघोरा बायपास पर हाईमास्ट सोलर लाइट और कैटआई लगाने की जरूरत है। रामपुर कॉलेज के पास स्थित खतरनाक मोड़ पर स्ट्रीट लाइट और कैटआई की आवश्यकता महसूस की गई है, जबकि आमाखोखरा टी-जंक्शन पर अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

इस संबंध में एएसपी कटघोरा रामगोपाल करियारे ने कहा कि हाईवे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को पहले जारी किए गए निर्देशों के पालन की जानकारी ली जाएगी। विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रमुख सड़कों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए अब इन चिह्नित दुर्घटनाजन्य स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड और अन्य सुरक्षा सुविधाओं का इंतजाम करना जरूरी हो गया है।

Latest News

महाठग दीपक टंडन और बरखा टंडन को कोर्ट ने 28 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल, इधर पुलिस ने जब्त की दो गाड़ियां

रायपुर(आधार स्तंभ) : ठगी और धोखाधड़ी के आरोपों में घिरे दीपक टंडन और बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर...

More Articles Like This

- Advertisement -