अकलतरा ओवरब्रिज के नीचे बड़ा हादसा, पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा, बाल बाल बचा परिवार

Must Read

अकलतरा(आधार स्तंभ) :  अकलतरा में रविवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पामगढ़ से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा एक परिवार ऑटो रिक्शा समेत सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा। ऑटो में दो दूधमुंहे बच्चों समेत महिलाएं और परिवार के अन्य सदस्य सवार थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और जनपद पंचायत सदस्य नीलेश सिंह की तत्परता से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, दर्राभाटा निवासी सिदार परिवार अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के बाद ऑटो रिक्शा से वापस लौट रहा था। शाम करीब 7:30 बजे अकलतरा ओवरब्रिज के नीचे से पोड़ी-दल्हा मार्ग की ओर मुड़ते समय ऑटो सड़क किनारे पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में उतर गया। गड्ढे से उछलने के बाद चालक का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो पानी से भरे तालाबनुमा गड्ढे में जा गिरा।

 

ऑटो के तालाब में गिरते ही उसमें सवार महिलाओं और बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने ऑटो में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला। इस दौरान दो दूधमुंहे बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इसी दौरान कांग्रेस के कैंडल मार्च से लौट रहे जनपद पंचायत सदस्य नीलेश सिंह भी अपने एक साथी के साथ घटनास्थल से गुजर रहे थे। उन्होंने तत्काल मदद के लिए आगे आते हुए महिलाओं और बच्चों को अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक उपचार किया गया।

बताया गया कि ऑटो में अनुराग सिदार (15 वर्ष), कुमार सिदार (65 वर्ष), मुस्कान सिदार (25 वर्ष), कृष्णा बाई सिदार (55 वर्ष), भारती सिदार (26 वर्ष), रानी सिदार (30 वर्ष), अयांश सिदार (1 माह), लव सिदार (2 माह), शिवांश सिदार (6 वर्ष), रिया सिदार (5 वर्ष) और गापा सिदार (8 वर्ष) सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क किनारे बने गहरे गड्ढों और सूखे तालाबों में पानी भर गया है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए सड़क किनारे बने गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अकलतरा ओवरब्रिज के नीचे और आसपास सड़क किनारे बने गहरे गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Latest News

बरपाली में CSR मद से बनी CC सड़क तीन माह में उखड़ी, उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

करतला (आधार स्तंभ) : ग्राम बरपाली के बाजार मोहल्ला स्थित मां मड़वारानी मंदिर से जैत-स्तंभ तक अडानी (लैंको अमरकंटक)...

More Articles Like This

- Advertisement -