कोरबा(आधार स्तम्भ) : कोरबा के वार्ड क्रमांक 18 पथरी पारा में रहने वाले चंदन मिश्रा ने विद्युत कर्मचारी विद्या भूषण यादव के द्वारा 55 हजार रुपए हड़पने की शिकायत सिविल लाइन थाना रामपुर में की है। पुलिस से उचित कार्रवाई करने की मांग आवेदक ने की है।
थाना प्रभारी को इस बारे में आवेदन दिया गया है जिसमें बताया गया है कि मां के नाम पर घर पर लगे विद्युत कनेक्शन की रीडिंग को लेकर समस्या थी। जिसके कारण बिजली बिल बहुत ज्यादा आया था। इस बीच सुधार कराने को विद्युत वितरण विभाग पाड़ीमार के कर्मचारी विद्या भूषण यादव ने दावा किया, जिस पर भरोसा करते हुए चंदन मिश्रा ने अपने पड़ोस में रहने वाले विद्याभूषण यादव को 55 हजार रुपए दिए। विद्याभूषण द्वारा रुपया लेने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
जब चंदन ने उससे बिल कम नहीं कराने पर अपने द्वारा दी गई 55 हजार रुपए की रकम वापस मांगी तो उसके द्वारा आनाकानी की जाने लगी। दबाव बढ़ने पर वीआईपी रोड पर चंदन मिश्रा को बुलवाया गया जहां विद्याभूषण यादव और उसके साथियों ने धमकी देने के साथ चंदन मिश्रा के साथ मारपीट किया। पीड़ित चंदन मिश्रा ने पूरे प्रकरण को लेकर सिविल लाइन थाना में शिकायत की है तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।



