टीवी, होम थिएटर समेत घरेलू सामान चोरी; पुलिस ने चोरी का सामान और मोटरसाइकिल की जब्त
जांजगीर-चांपा(आधार स्तंभ) : जिले में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विद्या नगर जांजगीर निवासी मोंगरा बाई अपने परिवार के साथ कोरबा में भी रहती हैं। वह बीच-बीच में जांजगीर स्थित अपने मकान में आती-जाती रहती हैं। 20 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने पुत्र के साथ मकान में ताला लगाकर कोरबा चली गई थीं।
23 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। अंदर जाकर जांच करने पर टीवी, होम थिएटर, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान गायब मिले। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मकान का ताला और कुंडी तोड़कर चोरी की गई थी।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी संतोष कुमार विश्वकर्मा, निवासी सिवनी करवार पारा, थाना चांपा को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी किए गए सामान और मोटरसाइकिल को जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में एसआई दिलीप सिंह, पीएसआई दिव्या सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक दिलीप सिंह एवं थाना जांजगीर के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




