कोरबा में हाथी का पलटवार, ट्रैक्टर को सूंड से पकड़कर झकझोरा
कोरबा(आधार स्तंभ) : जिले के जंगलों में हाथियों की मौजूदगी के बीच एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की खतरनाक तस्वीर सामने आई है। हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने ट्रैक्टर के अगले हिस्से को अपनी सूंड से पकड़कर जोरदार तरीके से झकझोर दिया। इस दौरान ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार ग्रामीणों की जान पर बन आई। गनीमत रही कि सभी ग्रामीण सुरक्षित बच निकले।

शोर मचाकर हाथियों को भगाने पहुंचे थे ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथियों को भगाने के लिए जंगल के भीतर पहुंचे थे। ग्रामीण हाथियों के करीब जाकर शोर मचा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले एक हाथी ने आक्रामक रुख अपना लिया और ट्रैक्टर की ओर बढ़ गया।
हाथी ने ट्रैक्टर के अगले हिस्से को सूंड से पकड़कर झकझोरना शुरू कर दिया। हाथी के अचानक हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
कुदमुरा क्षेत्र के जंगल की घटना
यह घटना कोरबा वन मंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा परिसर के आमा डुगरु जंगल की बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथी का आक्रामक व्यवहार और ट्रैक्टर पर हमला करते हुए दृश्य दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर जागर सिंह राठिया का है।
हाथियों के करीब जाना पड़ सकता है भारी
घटना ने एक बार फिर जंगल में हाथियों के नजदीक जाकर उन्हें भगाने की कोशिशों के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है। हाथियों का व्यवहार अचानक बदल सकता है। ऐसे में शोर मचाकर या वाहनों के जरिए उन्हें खदेड़ने का प्रयास ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

वन्यजीव विशेषज्ञों और वन विभाग की ओर से भी हाथियों के करीब जाने से बचने की सलाह दी जाती है। हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी तरह की गतिविधि की सूचना वन विभाग को देने की जरूरत है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस घटना में ग्रामीणों की जान बच गई। हाथी के हमले में किसी व्यक्ति के सूंड से पटके जाने या पैरों से कुचले जाने की पुष्टि नहीं हुई है।




