जानकारी के अनुसार, ग्राम बहरीझोरखी निवासी सुकसेन केरकेट्टा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने करीब 7-8 माह पहले ग्राम कटकोना निवासी ज्योति मिंज से प्रेम विवाह किया था। दोनों साथ रह रहे थे। इस दौरान उसके गांव के दोस्त रामदुलार का घर आना-जाना था और इसी बीच उसकी दोस्ती सुकसेन की पत्नी से भी हो गई।
करीब दो माह पहले पत्नी मायके चली गई। सुकसेन का कहना है कि वह उसे वापस लाने दो-तीन बार कटकोना गया, लेकिन पत्नी नहीं लौटी।
आरोप है कि 19 जुलाई की शाम करीब 5 बजे रामदुलार अपने भाई रामकुमार के साथ उसके घर पहुंचा और ताना मारते हुए कहा, “ज्योति को लेने बार-बार क्यों जाता है?” इसके बाद दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की, गला दबाया और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़ित ने गले में दर्द होने की शिकायत भी की है।
पसान पुलिस ने सुकसेन केरकेट्टा की शिकायत पर आरोपी रामदुलार और रामकुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




