झुंड से बिछड़कर आए हाथी ने मचाया रातभर उत्पात दो गांवों में की तोड़फोड़…

Must Read

कोरबा(आधार स्तंभ) : कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र में मंगलवार देर रात एक हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। मरवाही के झुंड से बिछड़कर आए इस अकेले हाथी ने तरई नार और पिपरहा गांव में तोड़फोड़ की। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हाथी ने गांव में घुसते ही कई कच्चे-पक्के मकान क्षतिग्रस्त कर दिए। एक पक्के मकान की दीवार भी तोड़ डाली। हाथी के चिंघाड़ने और घर तोड़ने की आवाज से पूरा गांव दहशत में आ गया। लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। प्रभावित परिवारों ने रात जागकर बिताई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

वन अमले ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद हाथी को गांव से बाहर खदेड़ा। वनकर्मियों की सूझबूझ से बड़ी जनहानि टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से इस क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। इससे खेती-किसानी और रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। हाथियों के बार-बार गांव में पहुंचने से लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग ने घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। टीम लगातार गश्त कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। विभाग ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और प्रभावित परिवारों को सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। ग्रामीणों ने हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर रखने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की है। उन्होंने खेतों के चारों ओर ट्रेंच और सोलर फेंसिंग जैसी व्यवस्था की मांग की है। वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हाथी की लोकेशन ट्रैक कर रहा है।

Latest News

अवैध कबाड़ पर बड़ी कार्रवाई 22 लाख की संपत्ति की जब्त…

रायगढ़,(आधार स्तंभ) :  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी...

More Articles Like This

- Advertisement -