अधूरे प्रधानमंत्री आवासों को जल्द पूरा करे सरकार : जयसिंह अग्रवाल, कोरबा जिले के करीब एक हजार हितग्राही दूसरी-तीसरी किस्त के इंतजार में, बरसात से पहले भुगतान की मांग

Must Read

कोरबा(आधार स्तम्भ)  :  पूर्व राजस्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे पड़े आवासों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के दावे कर रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग दिखाई दे रही है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में श्री अग्रवाल ने बताया कि कोरबा जिले में लगभग एक हजार ऐसे हितग्राही परिवार हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद प्रथम किस्त की राशि तो मिल गई, लेकिन दूसरी और तीसरी किस्त लंबे समय से लंबित है। इसके कारण आवास निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है और कई स्थानों पर पूरी तरह बंद हो चुका है।

उन्होंने कहा कि अनेक हितग्राहियों ने पुराने मकानों को तोड़कर नए आवास का निर्माण शुरू किया था। अब अगली किस्त नहीं मिलने से उनके घर अधर में लटक गए हैं। ऐसे परिवारों को रहने की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आर्थिक संकट भी लगातार बढ़ रहा है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि यदि शासन के पास वित्तीय संसाधनों की कमी है तो सबसे पहले पहले से स्वीकृत और निर्माणाधीन आवासों को पूरा करने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वर्तमान में सरकार नए आवासों की घोषणाएं कर रही है, जबकि हजारों गरीब परिवार अपने अधूरे मकानों को पूरा कराने के लिए वर्षों से इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि लंबित दूसरी एवं तीसरी किस्तों का तत्काल भुगतान किया जाए ताकि हितग्राही अपने मकानों का निर्माण पूरा कर सकें। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और अनेक परिवारों के सिर पर अभी तक छत नहीं है। ऐसे में शासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र राशि जारी करनी चाहिए, जिससे गरीब परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो सके।

Latest News

कनकी के कनकेश्वर धाम पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, भगवान शिव का किया जलाभिषेक

सावन के द्वितीय सोमवार पर विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए की प्रार्थना   कनकी(आधार स्तंभ)...

More Articles Like This

- Advertisement -