जशपुर(आधार स्तम्भ) : जशपुर जिले से युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक की रस्सी से बांधकर डंडे से पिटाई की जा रही है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक को रस्सी से बांधकर हाथ-मुक्कों और डंडों से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो भी बनाया। जो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हैं।
युवक के साथ मारपीट आपसी विवाद के चलते होने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच जारी है।जानकारी के मुताबिक, जिस युवक की पिटाई की गई है, उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। स्थानीयों का कहना है कि युवक अक्सर आसपास के लोगों से विवाद और गाली-गलौज करता था। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के लोगों के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने युवक को बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।यह वायरल वीडियो करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश जारी है। वायरल वीडियो ने कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



