बालोद (आधार स्तम्भ) : बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक में मंगलवार सुबह एक सहकारी बैंक शाखा में अचानक आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में बैंक का कंप्यूटर सिस्टम, कैश काउंटर और इन्वर्टर की बैटरियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि बैंक में रखा कैश और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित बचा लिए गए। यह घटना ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की शाखा में सुबह करीब 8 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बैंक की छत पर बंदरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था, इसी दौरान बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है, जिससे आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे बैंक परिसर में फैल गई।
स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बैंक प्रबंधन भी क्षति का पूरा विवरण तैयार कर रहा है, जिसके बाद स्पष्ट होगा कि इस घटना में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि बैंक शाखा में अचानक धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना दी गई। अगर समय पर लोग सक्रिय नहीं होते तो आग और भी बड़े स्तर पर फैल सकती थी। इस घटना ने बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था और बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने की बात कही है। फिलहाल बैंक शाखा में कामकाज प्रभावित हुआ है और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सेवाएं बहाल करने की तैयारी की जा रही है।



