तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Must Read

रायगढ़(आधार स्तम्भ) :  जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए झारखंड से फरार आरोपी एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश अब भी जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की थी। मौके पर पहुंची टीम को खेत में कुल 60,326 अफीम के पौधे मिले, जिनका कुल वजन 2877 किलोग्राम था। इसके अलावा आरोपी के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। जब्त किए गए कुल माल की कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

मामले में मुख्य आरोपी मार्शल संगा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में उसने अपने साथियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर इस अवैध खेती को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी। इसके आधार पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 8(बी), 18 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तमनार थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीमों को ओडिशा और झारखंड भेजा गया था। पुलिस टीम लगातार पीछा करते हुए आरोपियों के गृह क्षेत्र तक पहुंची, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी पहाड़ी इलाकों में छिप गए।

इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से रायगढ़ पुलिस ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद जंगल में भाग रहे आरोपी एमानुएल भेंगरा को पकड़ लिया गया। उसे रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने अपराध में शामिल होना स्वीकार किया है। आरोपी के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। वहीं उसका साथी सीप्रियन भेंगरा अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त अभियान चलाकर आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

Latest News

NTPC पाइपलाइन फूटने से खेतों में फैली राखड़, ग्रामीणों ने हटाने की उठाई मांग

कोरबा(आधार स्तम्भ) :  कोरबा जिले में एनटीपीसी की राखड़ (फ्लाई ऐश) पाइपलाइन फूटने से खेतों में राखड़ फैल गई...

More Articles Like This

- Advertisement -