बेमेतरा,(आधार स्तंभ) : जिले में चोरी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ बेमेतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल, टीवी, मोटरसाइकिल सहित करीब 13 लाख 70 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन और पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों में कई लोग पहले से चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट जैसे मामलों में शामिल रहे हैं। मामला सिटी कोतवाली बेमेतरा क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 सिंघोरी का है। यहां रहने वाले पवन शाह ने 22 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 और 22 जुलाई की मध्यरात्रि करीब 2:42 बजे से 2:53 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर के हाल के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 1 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपये बताई गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद ली गई। इसके बाद सिटी कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर अजय कुमार जैन, मोहम्मद सुमोन खान और राजेश निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम और जेवरात को आपस में बांट लिया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अजय कुमार जैन ने अपनी पत्नी दिव्या बाई सांखला (जैन) के साथ मिलकर चोरी के सोने के कंगन और चैन को राजनांदगांव के कोचर ज्वेलर्स में करीब 2 लाख रुपये में बेचा था। वहीं चोरी के अन्य जेवरात को ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में गिरवी रखकर 4 लाख 75 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान :
अजय कुमार जैन (40 वर्ष),
मोहम्मद सुमोन खान (24 वर्ष),
राजेश निषाद (36 वर्ष),
दिव्या बाई सांखला (जैन) (37 वर्ष) और
आदित्य जैन (33 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी राजनांदगांव और अन्य जिलों से जुड़े हुए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय कुमार जैन के खिलाफ राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिले के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट के करीब 41 मामले दर्ज हैं। वहीं राजेश निषाद के खिलाफ करीब 33 और मोहम्मद सुमोन खान के खिलाफ चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के करीब 7 मामले दर्ज हैं। आरोपी दिव्या बाई सांखला के खिलाफ भी चोरी और नकबजनी के करीब 11 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य चोरी की घटनाओं में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा सहित थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




