बिलासपुर(आधार स्तंभ) : ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चलती ट्रेन में चोरी, लूट, झपटमारी और मारपीट की घटनाएं तो अब आम होती जा रही हैं, लेकिन अब महिला यात्रियों की अस्मिता भी सुरक्षित नहीं रह गई है। लगभग हर महीने जीआरपी बिलासपुर में ट्रेनों से जुड़े दर्जनों अपराध दर्ज हो रहे हैं। इन्हीं आपराधिक घटनाओं की कड़ी में एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला यात्री ने सफर के दौरान अज्ञात युवक पर अश्लील हरकत और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
जीआरपी बिलासपुर में दर्ज एफआईआर के अनुसार, ओडिशा निवासी 35 वर्षीय महिला 27 जुलाई 2026 को ट्रेन नंबर 18030 शक्ति एक्सप्रेस के जनरल कोच में राजगांगपुर से बिलासपुर की यात्रा कर रही थीं। शिकायत के मुताबिक, तड़के करीब 4:30 बजे यात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और उनकी इच्छा के विरुद्ध अश्लील तरीके से छूते हुए उनके साथ यौन उत्पीड़न किया। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी की हरकत से उन्हें शारीरिक पीड़ा भी हुई।
घटना के बाद पीड़िता ने जीआरपी बिलासपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ जीरो पर अपराध दर्ज किया। घटना स्थल जीआरपी थाना रायगढ़ क्षेत्र का होना पाए जाने पर जीआरपी बिलासपुर ने केस डायरी और संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन माध्यम से आगे की जांच के लिए जीआरपी रायगढ़ को स्थानांतरित कर दिए हैं।
🟥 ट्रेनों में बढ़ते अपराध बने चिंता का विषय
रेलवे पुलिस के रिकॉर्ड बताते हैं कि ट्रेनों में चोरी, मोबाइल और बैग झपटमारी, मारपीट तथा महिला यात्रियों से अभद्रता के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों ने अकेले सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर चलती ट्रेनों, खासकर जनरल कोच में महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है।




