बरपाली (आधार स्तंभ) : क्षेत्र में नहीं थम रहा चोरी का सिलसिला। उरगा पुलिस की सुस्ती से चोरों के हौसले बुलंद, मोबाईल शॉप का छत तोड़कर लाखों का सामान पार। शासकीय विद्यालय में भी हो रही लगातार चोरियाँ।
मामला करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत बरपाली का है। यहाँ पर स्थित बिल्लू प्रिंटर्स के संचालक विकास कुमार सिंह द्वारा सिद्धि मोबाईल शॉप का भी संचालन किया जा रहा है। जहां आज तड़के लगभग 4 बजे अज्ञात चोर द्वारा मोबाईल दुकान का छत तोड़कर मोबाईल के कई सारे महंगे हैंडसेट सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी कर ली गई। दुकान संचालक विकास सिंह के अनुसार लगभग एक लाख से ऊपर का सामान चोरी हो गया है, स्टॉक रजिस्टर का निरीक्षण करने पर चोरी हुए सामान का सही मूल्यांकन हो पायेगा। मोबाईल शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर मुँह में रुमाल बांधकर चोरी करते दिखाई दे रहा है।
शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल भी चोरों के निशाने पर
शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल बरपाली पर भी चोरों की निगाहें हमेशा जमी रहती है। विद्यालय में नवपदस्थ प्राचार्य श्री बी आई मार्वल ने बताया कि पिछले दो माह में ही कई बार विद्यालय में चोरी की घटनाएं घट चुकी है। जिसमें विद्यालय के ऑफिस और कंप्यूटर कक्ष आदि का ताला तोड़कर सामानों को नुकसान पहुँचाया जा चुका है। बता दें विगत वर्ष भी शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल बरपाली में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा विद्यालय की छत पर चढ़कर अंदर प्रवेश कर ऊपर और नीचे के कई सारे कमरों में सामानों को नुकसान पहुँचा कर दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया गया था।
उरगा पुलिस की सुस्ती से चोरों के हौसले बुलंद
पिछले कुछ सालों से बरपाली और आसपास के क्षेत्रों में चोरियों की कई सारी घटनाएं घट चुकी है किंतु उरगा पुलिस की सुस्ती के कारण चोर अभी तक पुलिस के पकड़ से बाहर हैं, जिसकी वजह से चोरों के हौसले दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। अगर जल्द ही इस पर पुलिस द्वारा कोई कड़ी कार्यवाही नहीं की गई तो वह दिन दूर नहीं कि क्षेत्र में चोरी या डाका की कोई बड़ी घटना घटित हो जाय।



