सर्राफा व्यापारियों को ठगी से सतर्क रहने की अपील, नकली आभूषणों के जरिए धोखाधड़ी का खतरा बढ़ा

Must Read

कोरबा(आधार स्तम्भ) :   कोरबा पुलिस ने जिले के सभी सर्राफा व्यापारियों को ठगी के नए तरीकों से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ संदिग्ध लोग पुराने सोना-चांदी के आभूषणों के एक्सचेंज के नाम पर व्यापारियों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे मामलों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई गई है।

पुलिस ने जानकारी दी है कि हाल ही में बिलासपुर जिले में ठगी के ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां आरोपियों ने नकली सोना-चांदी के आभूषणों पर हॉलमार्क अंकित कर उन्हें असली बताकर व्यापारियों को धोखा देने की कोशिश की। इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की गई है।

 

ठगी का तरीका बेहद चालाकी भरा बताया जा रहा है। ठग पुराने आभूषणों के नाम पर नकली गहने लेकर आते हैं, जिनकी पहचान करना कई बार मुश्किल हो जाता है। इसके बाद वे बदले में असली और महंगे आभूषण प्राप्त कर व्यापारियों को चूना लगा देते हैं।

कोरबा पुलिस ने आशंका जताई है कि बिलासपुर जैसे नजदीकी जिले में इस तरह की घटनाएं सामने आने के बाद ऐसे गिरोह कोरबा जिले में भी सक्रिय हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अज्ञात और संदिग्ध व्यक्तियों से किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से बचें। साथ ही आभूषणों की गुणवत्ता और सत्यता की पूरी जांच करना अनिवार्य है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए गए हैं।

कोरबा पुलिस का कहना है कि नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी से सहयोग की अपेक्षा की गई है। “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” के संदेश के साथ पुलिस ने सभी व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील की है।

Latest News

तड़पता रहा घायल,108पहुंची न समय पर 112, हुई दर्दनाक मौत

3 घण्टे लग गए आने में,ग्रामीण बोले-इतने समय में तो दशगात्र हो जाता है…! ग्रामीण अंचलों में जान पर भारी...

More Articles Like This

- Advertisement -