बीजापुर(आधार स्तम्भ) : जिले के नैमेड क्षेत्र स्थित मिनगाछल नदी में चल रहे कथित अवैध रेत उत्खनन पर विधायक विक्रम मंडावी ने देर रात छापामार कार्रवाई कर खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई के दौरान नदी से रेत निकालने में इस्तेमाल हो रही भारी मशीनरी और वाहनों को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार देर रात करीब 1:30 बजे मिनगाछल नदी में चैन माउंटिंग मशीन, पोकलेन और जेसीबी की मदद से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। रेत माफिया रातभर नदी से रेत निकालकर विभिन्न स्थानों पर डंप कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर विधायक विक्रम मंडावी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर पहुंचते ही विधायक ने नैमेड थाना प्रभारी और खनिज विभाग के अधिकारियों को फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। सूचना के बाद पुलिस और खनिज विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदी-नालों से रेत खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद रात के अंधेरे में अवैध उत्खनन किया जा रहा था, जो बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आशंका जताई कि इस अवैध कारोबार में प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता हो सकती है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक पोकलेन मशीन, एक जेसीबी मशीन और चार वाहनों को जब्त कर लिया गया। खनिज विभाग ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर इसी तरह की कार्रवाई होती रहे तो रेत माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है और प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर रोक लगाई जा सकेगी।



