छत्तीसगढ़, 11 मई (वेदांत समाचार ) : शहर के पचधारी डेम में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से 25 वर्षीय युवक अजय सिदार की मौत हो गई। वह रियापाली गांव का रहने वाला था और NTPC लारा में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, रविवार को छुट्टी होने पर अजय अपने चार दोस्तों के साथ पचधारी डेम घूमने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जुट गई। सबसे भावुक पल तब आया जब मदर्स डे के दिन बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बेसुध हो गई और रोते-बिलखते अपने बेटे को उठाने की कोशिश करती रही। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पचधारी डेम में हर साल डूबने की घटनाएं होती हैं, बावजूद इसके लोग चेतावनी बोर्ड और प्रतिबंधों की अनदेखी करते हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर लगाए गए निर्देशों के बाद भी लापरवाही जारी है, जिससे सवाल खड़े हो रहे हैं।



