रायगढ़ (आधार स्तम्भ) : जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर से आ रही एक तेज रफ्तार लाल रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार अनियंत्रित होकर देहजरी स्थित पोहा मिल के पास सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना आज सुबह करीब 3 बजे हुई। कार क्रमांक CG11AE8986 में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए। घायलों को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची खरसिया पुलिस की मदद से तत्काल खरसिया सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग सक्ती जिले के कर्रापाली क्षेत्र के रहने वाले हैं और किसी काम से अंबिकापुर से लौट रहे थे। हादसे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती आशंका तेज रफ्तार और चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की बताई जा रही है। घटना के बाद खरसिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों और मृतक की पहचान संबंधी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।



