दर्दनाक हादसा, खुले पड़े गड्ढे में डूबे दो मासूम…

Must Read

रायपुर (आधार स्तंभ) :  राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। इलाके में खुले पड़े गड्ढे में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और रिंग रोड नंबर-1 को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन और जिम्मेदार विभागों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार सुबह की है। कबीर नगर इलाके में सड़क किनारे लंबे समय से एक बड़ा गड्ढा खुला हुआ था, जिसमें बरसात के दौरान पानी भर गया था। आसपास के बच्चे रोज की तरह खेल रहे थे, तभी दो मासूम उस गड्ढे के पास पहुंच गए और खेलते-खेलते अचानक फिसलकर उसमें गिर पड़े। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, दोनों बच्चे पानी में डूब चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन गड्ढे में पानी गहरा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने बताया कि दोनों मासूमों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। कबीर नगर थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया कि “घटना की जानकारी सुबह प्राप्त हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस और बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई की। दोनों बच्चों के शवों को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और घटना की पूरी परिस्थितियों की जानकारी ली जा रही है।” हादसे के बाद से स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। उनका कहना है कि कई बार प्रशासन को इस गड्ढे की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

लोगों का आरोप है कि लापरवाही की वजह से दो मासूमों की जान चली गई। घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने रिंग रोड नंबर-1 पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया, जिससे वहां लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश में जुटे हैं। वहीं, घटना के बाद इलाके का माहौल बेहद गमगीन है। मृत बच्चों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसी और रिश्तेदार घर के बाहर जुटे हैं और हर कोई प्रशासन की अनदेखी पर नाराजगी जाहिर कर रहा है।

 

Latest News

विधायक फूल सिंह राठिया के नेतृत्व में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक, 29 अक्टूबर को ऑब्जर्वर नवज्योति पटनायक का होगा आगमन

रामपुर विधानसभा क्षेत्र में ऑब्जर्वर नवज्योति पटनायक के आगमन को लेकर विधायक फूल सिंह राठिया के नेतृत्व में बनी...

More Articles Like This

- Advertisement -