टोनही होने के शक में पड़ोसी की हत्या, पत्नी ने भाग के बचाई थी जान, तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

Must Read

कोरबा(आधार स्तंभ) : जिले के ग्राम सिर्री में पत्नी की मौत से आहत पति ने टोनही होने के संदेह में पड़ोसी की हत्या कर दी थी। साथ ही उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के 3 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

मामला पसान थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सिर्री में रामकुमार गोंड़ (40) रहता है। उसकी पत्नी जयकुंवर अक्सर बीमार रहती थी। महीनेभर पहले बीमारी से ही उसकी मौत हो गई। रामकुमार को अपने पड़ोसी इतवार सिंह गोंड़ (35) और उसकी पत्नी आशा बाई पर टोनही होने का शक था। उसे लगता था कि उन्हीं की वजह से उसकी पत्नी की मौत हुई है। इसे लेकर वो पड़ोसी दंपति से मन ही मन रंजिश रखता था।

शनिवार की दोपहर को रामकुमार नशे में धुत होकर पड़ोसी के घर घुस गया और यहां उनसे विवाद करने लगा। उस वक्त शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए, तो वो अपने घर वापस लौट गया। इसके बाद से वो मौके की ताक में था। रात 9 बजे फिर से वो पड़ोसी के घर पहुंच गया और वहां पति-पत्नी के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगा। इस दौरान धारदार हथियार से उसने इतवार सिंह पर हमला कर दिया। उसके हमले से वो खून से लथपथ होकर जमीन पर जा गिरा। मौके पर ही व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी आशा बाई ने भागकर अपनी जान बचाई। रविवार को किसी तरह से वो थाने पहुंची और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रहलाद राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 294, 506, 323 और 302 के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस टीम संभावित जगहों पर दबिश दे रही है, साथ ही मुखबिरों को भी एक्टिव किया गया है।

Latest News

शिक्षक हुआ सूदखोरी, धमकी और प्रताड़ना का शिकार

  कोरबा(आधार स्तंभ) :     उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कोथारी निवासी एवं माध्यमिक शाला दादर कला में पदस्थ शिक्षक...

More Articles Like This

- Advertisement -