कोरबा(आधार स्तम्भ) : जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया नाला के पास रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नाले किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक के शरीर पर चोट के निशान होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे मामला हत्या से जुड़ा हो सकता है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि कोहड़िया नाला के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।



