रायगढ़(आधार स्तम्भ) : रायगढ़ पुलिस ने आमाघाट रोड पर ट्रक और ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तमनार पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को दबोचकर उनके कब्जे से छह मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ डकैती की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में क्षेत्र में बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि कुछ युवक आमाघाट रोड पर रात के समय ट्रकों पर पत्थरबाजी कर उन्हें रुकवाते हैं और फिर चालक-परिचालकों से मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन लूट लेते हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी और वर्तमान में उर्दना, रायगढ़ में रह रहे ट्रक चालक रोहित कुमार पासवान ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 2 जून की रात वह अपने ट्रक क्रमांक CG 10 R 2370 से आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और चालक के सिर में चोट आई। जब वह वाहन रोककर अपनी चोट देख रहा था, तभी एक युवक ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसका रियलमी मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया।
शिकायत मिलने के बाद थाना तमनार में मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि ग्राम देलारी निवासी रघुनाथ चौहान अपने साथियों के साथ मिलकर इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देता है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर रघुनाथ चौहान और शिव कुमार अघरिया को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छह मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें पीड़ित चालक का लूटा गया मोबाइल भी शामिल है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
जांच के दौरान आरोपियों की पहचान परेड कराई गई, जिसमें पीड़ित चालक ने सभी आरोपियों की पहचान की। पुलिस जांच में यह स्पष्ट होने पर कि पांचों आरोपियों ने सामूहिक रूप से लूटपाट और मारपीट की घटना को अंजाम दिया था, मामले में डकैती की धारा जोड़कर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में रघुनाथ चौहान (25), शिव कुमार अघरिया (24), प्रवीण राठिया (21), जय किशन सोनार (19) और किशन कंवर (27) शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में लूटपाट और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों, वाहन चालकों और औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक दिलदार कुरैशी, हेम प्रकाश सोन, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेंद्र सिदार, रंजीत भगत तथा थाना पूंजीपथरा के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



