सड़क हादसा में 4 की मौत अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला,JCB की चपेट में आया ग्रामीण…

Must Read

रायगढ़ (आधार स्तंभ) : रायगढ़ जिले में अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई है। इनमें सड़क हादसे और एक दुर्घटना शामिल है। घटनाओं की जानकारी मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। तमनार क्षेत्र के ग्राम कसडोल का रहने वाला समीर साहू (22 वर्ष) बुधवार को किसी काम से रायगढ़ आया हुआ था। काम निपटाने के बाद वह शाम करीब 7:30 बजे अपनी बाइक से वापस लौट रहा था।

इसी दौरान लाखा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही समीर सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे भारी वाहन के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसका सिर कुचल गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

दूसरा मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। बंगुरसिया गांव का रहने वाला आकाश सिदार (25 वर्ष) बुधवार शाम करीब 6 बजे बाइक से रायगढ़ से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश करते हुए जांच शुरू कर दी है।

तीसरा मामला भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है। यहां ग्राम देवरी का रहने वाला घासीराम नवरंग (40 वर्ष) सुबह करीब 5:30 बजे अपने घर के बाहर रेत में बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां से एक जेसीबी वाहन गुजर रहा था। जेसीबी चालक घासीराम को देख नहीं पाया और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

चौथा मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। यहां खम्हार गांव की रहने वाली वृंदावती अगरिया (14 वर्ष), पुटुकछार निवासी राजू मिंज के ट्रैक्टर में बैठकर अपने घर जा रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक राजू मिंज तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान फूलखोचापारा पुल के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया, जिससे वृंदावती नीचे गिर पड़ी। गिरने के बाद ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। इस हादसे में वृंदावती के सिर, चेहरे और कंधे में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक राजू मिंज के खिलाफ धारा 106(1)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Latest News

19 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, इलाके में फैली सनसनी…

जांजगीर-चांपा (आधार स्तम्भ) :  जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां नगर पंचायत राहौद में एक नवविवाहित...

More Articles Like This

- Advertisement -