कोरबा(आधार स्तंभ) : राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-149B) के कोरबा-चांपा फोरलेन मार्ग पर स्थित बरपाली सर्विस रोड की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क जगह-जगह उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे हर दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) टोल टैक्स वसूली पर तो पूरा ध्यान दे रहा है, लेकिन सर्विस रोड की मरम्मत और रखरखाव को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरपाली सर्विस रोड का एक हिस्सा भूमि विवाद के कारण आज तक डामरीकरण से वंचित है। वहीं जिस हिस्से का डामरीकरण किया गया था, वह भी कथित रूप से घटिया निर्माण गुणवत्ता के कारण कुछ ही समय में उखड़ गया। अब सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बरपाली मुख्य मार्ग से सलिहाभांठा, तुमान और सक्ती की ओर जाने वाले वाहन जैसे ही सर्विस रोड पर प्रवेश करते हैं, करीब 100 मीटर आगे ही उखड़ी हुई सड़क और गहरे गड्ढों से उनका सामना होता है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
क्षेत्र के लोगों ने जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति बनी हुई है, लेकिन अब तक किसी जनप्रतिनिधि ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं उठाया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बरपाली सर्विस रोड की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि हादसों का इंतजार करने के बजाय समय रहते सड़क की मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।




