कोरबा वनमंडल के पसरखेत वन परिक्षेत्र के कोलगा गांव में कैलाश गुफा मार्ग स्थित जंगल में पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। आदिवासी ग्रामीणों और महिलाओं ने पेड़ों की कटाई के विरोध में लामबंद होकर प्रदर्शन किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह जंगल उनके लिए न केवल पर्यावरणीय बल्कि आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यहां किसी भी पेड़ को काटने की इजाजत नहीं दी जाती, लेकिन कूप कटाई के नाम पर पेड़ों की कटाई जारी है। विरोध करते हुए महिलाओं ने कई दिनों से जंगल की गश्त शुरू कर दी है और मजदूरों को कटाई का काम बंद करने पर मजबूर किया।
गत दिनों कूप कटिंग के विरोध में महिलाओं और ग्रामीणों ने पसरखेत रेंज कार्यालय का घेराव किया और अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कूप कटिंग पर रोक लगाने की मांग करते हुए साफ कहा कि यह जंगल कोलगा समिति का है और इसके संरक्षण में किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।