बिजली विभाग के कर्मचारी से मारपीट, ठेकेदार ने जड़ा थप्पड़, मामला दर्ज

Must Read

खैरागढ़। खैरागढ़ के साल्हेवारा क्षेत्र में बिजली विभाग के एक कर्मचारी के साथ ठेकेदार और उसके साथियों द्वारा मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 19 जून की शाम करीब 6:30 बजे छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित में कार्यरत परिचालक (लाइन श्रेणी-3) हरीश राजपूत कंट्रोल रूम के सामने बैठे थे। तभी विभाग में ठेके पर कार्य कर रही पिकअप वाहन के ठेकेदार कर्मवीर सिंह बघेल, उसके साथी पुष्पराज सिंह और ड्राइवर राहुल मानिकपुरी वहां पहुंचे और कर्मचारी से बहस करने लगे।

आरोप है कि ठेकेदार ने “मेरी गाड़ी को नुकसान पहुंचाता है” कहते हुए कर्मचारी को थप्पड़ मारा और फिर लात-घूंसे से बुरी तरह पीटा। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट की यह घटना वहां मौजूद लोगों द्वारा मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी ने साल्हेवारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 506, 323, 34 एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो की वैधता की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। कई कर्मचारी संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Latest News

सलिहाभांठा में श्मशान घाट बना गौठान! गायों का डेरा, कचरे का ढेर, पंचायत बेखबर, जनप्रतिनिधि दूसरे ग्राम की सफाई में व्यस्त

अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीण परेशान, श्मशान घाट की बदहाली ने पंचायत की व्यवस्था पर खड़े किए सवाल, स्वच्छता...

More Articles Like This

- Advertisement -