कोरबा(आधार स्तंभ) : कोरबा से सक्ती की ओर बहने वाली नहर करतला विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत बुढ़ियापाली और पहाड़गांव के पास फूट जाने के कारण मुख्य सड़क बीच से दो हिस्सों में बंट गई। नहर का पानी तेज बहाव के साथ खेतों और गांव में घुस रहा है। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मची है। सूचना पर प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। हसदेव बांगो परियोजना के मुख्य नहर का बांध फूटने से लगभग 5 से 7 किलो मीटर तक नहर का पानी फैल गया व 100 एकड़ से अधिक खेत व फसल डूब गया है।
समाचार लिखे जाने तक 35 से 40 किसान इससे प्रभावित हुए हैं। अभी भी पानी का बहाव जारी रहा है लिहाजा और भी नुकसान होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि मेंटेनेंस के अभाव में पार पहले से कमजोर था। लेकिन सिंचाई विभाग के टाइम कीपर और सब इंजीनियर ने इस पर ध्यान नहीं दिया जिसके चलते अचानक पार फूट गया और खेत जल मग्न हो गए। इससे किसानों को लाखों रूपए का नुकसान हुआ है।



