35 यूनिट रक्तदान एवं 130 व्यक्तियों का रक्त समूह परीक्षण किया गया
बरपाली (आधार स्तंभ) : शासकीय महाविद्यालय बरपाली, जिला कोरबा में दिनांक 16 नवम्बर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं रेडक्रॉस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं रक्त समूह परीक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रक्तदान के महत्व को समझाना तथा जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा हेतु लोगों को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मनोज कुमार झा, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बरपाली तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती नीता राकेश यादव एवं श्री भुवनेश्वर बिंझवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी. पी. नंद ने की। इस कार्यक्रम के संयोजक डॉ टी.एल. मिर्झा, सहसंयोजक श्री एस के ताम्ब्रे, रासेयो एवम रेड रिबन प्रभारी श्री ए के खाखा, रासेयो महिला इकाई प्रभारी श्रीमती लक्ष्मी साहू रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
शिविर के दौरान कुल 35 यूनिट रक्तदान किया गया तथा 130 व्यक्तियों का रक्त समूह परीक्षण किया गया। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं रक्त समूह परीक्षण के माध्यम से लोगों को अपने रक्त समूह की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने उद्बोधन में रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा समाज में इसके महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी. पी. नंद ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी संवेदनशीलता, सहयोग एवं सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना, रेडक्रॉस क्लब, स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय परिवार की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. ए. के. सिंह, डॉ राजलक्ष्मी शर्राफ़, डॉ. विवेक मोहन अग्रवाल, श्री डी.के. चन्द्रा जी सहित महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। सभी के समन्वित प्रयास, सहयोग एवं उत्साह से रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा समस्त अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकीय दल, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने समाज को संदेश दिया कि “रक्तदान महादान है। आपके द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। आइए, रक्तदान को मानवता की सेवा का संकल्प बनाएं।”




