रायपुर में गंदगी पर नगर निगम के दो अधिकारियों को नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब; लापरवाही पर होगी एकपक्षीय कार्रवाई

Must Read

रायपुर(आधार स्तंभ) :  राजधानी रायपुर में शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था और जगह-जगह फैली गंदगी को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने रायपुर नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है। अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं करने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना का प्रथम दृष्टया जिम्मेदार माना गया है।

नगरीय प्रशासन विभाग ने नगर निगम के उपायुक्त एवं सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा तथा जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी को नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर रायपुर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार निर्देशों के बावजूद नहीं सुधरी सफाई व्यवस्था

विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रत्येक समीक्षा बैठक में विशेष ध्यान देने और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद अधिकारियों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। शहर के विभिन्न इलाकों में गंदगी फैले होने की खबरें लगातार  समाचार पत्रों में प्रकाशित हो रही हैं।

विभाग ने इसे नगर निगम और शासन की छवि धूमिल करने वाला बताते हुए कहा है कि शहर में जगह-जगह फैली गंदगी के लिए दोनों अधिकारी प्रथम दृष्टया जिम्मेदार प्रतीत होते हैं।

जवाब नहीं देने पर होगी एकपक्षीय कार्रवाई

नगरीय प्रशासन विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया है।

विभाग ने रायपुर नगर निगम आयुक्त को दोनों अधिकारियों के जवाब का परीक्षण कर अपना अभिमत सहित संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित तीन दिनों में जवाब नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि संबंधित अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

Latest News

कवर्धा में NHM भर्ती की जांच में खुलीं गड़बड़ियों की परतें, चयन समिति की बैठकों से लेकर नियुक्ति आदेश तक सवालों के घेरे में;...

कवर्धा/धमतरी(आधार स्तंभ) :  छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में संविदा भर्तियों की पारदर्शिता एक बार फिर सवालों के घेरे में...

More Articles Like This

- Advertisement -