कोरबा(आधार स्तंभ) : गेवरा-दीपका से कोरबा आने-जाने वाले प्रमुख मार्ग पर कुचेना के समीप स्थित रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) की मरम्मत के लिए जिला प्रशासन ने यातायात प्रतिबंधित करने का आदेश जारी किया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी कटघोरा द्वारा 2 नवंबर 2026 से 8 नवंबर 2026 तक सात दिनों के लिए अंडरब्रिज से आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस दौरान रेलवे अंडरब्रिज में सीमेंट कंक्रीट (सीसी) का मरम्मत कार्य किया जाएगा।
कार्यालय एसडीएम कटघोरा से 2 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, एटवुड द्वारा इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (नवरत्न कंपनी) छत्तीसगढ़ रेल प्रोजेक्ट के अंतर्गत गेवरा पेंड्रा रेलवे कॉरिडोर परियोजना के तहत गेवरा रेलवे स्टेशन के चेनज 1+580 के पास आरयूबी में सीसी कार्य के साथ दीपका-गेवरा कनेक्टिंग रोड की मरम्मत के लिए सात दिनों तक अस्थायी सड़क डायवर्जन की अनुमति मांगी गई थी। इस संबंध में नायब तहसीलदार कटघोरा से प्रतिवेदन प्राप्त किया गया।
प्रतिवेदन के आधार पर 2 नवंबर को रेलवे एवं राजस्व अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में अंडरब्रिज की मरम्मत को अत्यंत आवश्यक बताया गया। साथ ही मरम्मत कार्य के दौरान भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से आवागमन कराने की अनुशंसा की गई। इसके लिए लक्ष्मण नगर-कुसमुंडा होते हुए कुचेना-दीपका मार्ग से यातायात डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कुचेना रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव एवं निर्माण की स्थिति को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से समस्याएं सामने आती रही हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ‘दादाभाई’ ने भी इस मुद्दे को जनहित में उठाते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया था। उन्होंने अंडरब्रिज की स्थिति में सुधार और आम लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने की मांग की थी।
प्रशासन द्वारा मरम्मत के लिए यातायात प्रतिबंधित किए जाने के आदेश पर अरुणीश तिवारी ने जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं एसडीएम कटघोरा के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज की मरम्मत और आवश्यक सुधार होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी तथा दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित एजेंसी निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करेगी।




