सड़क पर खड़े ट्रक-ट्रेलरों के खिलाफ संयुक्त अभियान, जोड़ा पुल-राताखार मार्ग कराया गया खाली

Must Read

कोरबा,(आधार स्तंभ) :  शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को नगर निगम, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), कोतवाली पुलिस एवं सीएसईबी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने जोड़ा पुल-राताखार मार्ग पर सड़क किनारे लंबे समय से खड़े ट्रक-ट्रेलरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई, जिससे मार्ग पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।

संयुक्त टीम के मौके पर पहुंचते ही अधिकांश ट्रक एवं ट्रेलर मालिकों ने कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं अपने वाहनों को सड़क से हटाकर अपने-अपने यार्ड में खड़ा कर दिया। वहीं, जिन वाहनों को तत्काल नहीं हटाया गया, उन्हें क्रेन एवं हाइड्रा मशीन की सहायता से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहन मालिकों को भविष्य में सड़क किनारे भारी वाहन खड़े नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी।

अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, डीएसपी नीतीश ठाकुर, डीएसपी डी.के. सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी दादसेना, सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी, एएसआई ईश्वरी लहरे, एएसआई मनोज राठौर, नगर निगम के इंजीनियर सोमनाथ दाहरे, सुनील टंडे तथा आरटीओ टीआई मिथलेश जांगड़े सहित नगर निगम, पुलिस एवं आरटीओ के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि सड़क किनारे लंबे समय तक खड़े रहने वाले भारी वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संयुक्त अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रक, ट्रेलर एवं अन्य भारी वाहनों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल अथवा निजी यार्ड में ही खड़ा करें, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अतिक्रमण अथवा यातायात बाधित करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान से जोड़ा पुल-राताखार मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Latest News

जंगल में पुटु निकालने गए ग्रामीण को हाथी ने उतारा मौत के घाट, इलाके में दहशत…

कोरबा(आधार स्तंभ) : छत्तीसगढ़ के कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पीडिया के तुर्रीकटरा जंगल में...

More Articles Like This

- Advertisement -