कोरबा(आधार स्तंभ) : कोरबा निवासी दिलीप दाश ने थाना सिविल लाइन रामपुर में एक लिखित शिकायत देकर अपनी पत्नी सुमिता दाश एवं उसके कथित पुरुष मित्र राम साहू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि एसडीएम कोर्ट परिसर के बाहर उनका रास्ता रोककर गाली-गलौज की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी भी दी गई।
क्या है पूरा मामला?
आवेदन के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले लगभग दो वर्षों से उनसे अलग रह रही है और उनके नाबालिग पुत्र को अपने साथ रखे हुए है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी पत्नी का राम साहू नामक व्यक्ति से संबंध है और इसी कारण पारिवारिक विवाद उत्पन्न हुआ है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बच्चे के संरक्षण (कस्टडी) से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान एसडीएम कोर्ट परिसर के बाहर उनकी पत्नी एवं राम साहू ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने बच्चे को लेकर विवाद करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा कहा कि यदि बीच में आए तो जान से मार देंगे और झूठे केस में फंसा देंगे।

दिलीप दाश ने आवेदन में उल्लेख किया है कि बच्चे के कस्टडी को लेकर सुष्मिता और उसके पुरुष मित्र राम साहू जो कि आदतन अपराधि है उसके द्वारा गाली-गलौज और धमकी दी गई, उक्त घटना के समय वहां कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी और सुनी।
पुलिस ने की FIR दर्ज
शिकायतकर्ता ने थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय कानून के अनुसार एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।



