शादी का सपना दिखाकर करता रहा शोषण, शादी से मुकरते ही पहुंचा सलाखों के पीछे
सक्ति पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
सक्ति(आधार स्तंभ) : शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को सक्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सक्ती क्षेत्र की एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम गढ़गोढ़ी निवासी पुष्पेंद्र कुमार चौहान (28 वर्ष) ने अगस्त 2024 से विवाह करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने विवाह की बात की तो आरोपी ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 276/2026 दर्ज कर धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती के निर्देश पर पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ और जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को 18 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सक्ति पुलिस ने कहा है कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




