गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(आधार स्तम्भ) : पेंड्रा थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक महिला वन रक्षक के साथ मारपीट, अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर वन विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार लाटा परिसर में पदस्थ महिला वन रक्षक गिरिजा कंवर सुरक्षा श्रमिकों के साथ नियमित जंगल भ्रमण पर निकली थीं।
घटना के समय मौजूद सुरक्षा श्रमिकों ने बीच-बचाव कर किसी तरह महिला वन रक्षक को आरोपियों से छुड़ाया। इसके बाद पीड़िता सीधे पेंड्रा थाना पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। एसडीओपी श्याम सिदार के अनुसार पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी सुमित्रा, दयावती और इतवारू भैना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से वन विभाग के मैदानी अमले में गहरी नाराजगी है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



