बुलेट से पटाखों जैसी आवाज पर पुलिस का प्रहार, 200 मॉडिफाइड साइलेंसरों पर चला बुलडोजर

Must Read

बिलासपुर(आधार स्तंभ) : बुलेट से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों की अब खैर नहीं। बिलासपुर यातायात पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 साइलेंसरों को बुलडोजर से कुचलकर नष्ट कर दिया। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अब कार्रवाई सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ऐसे साइलेंसर बेचने और वाहनों में लगाने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

शहर की सड़कों पर बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखों जैसी तेज और कर्कश आवाज निकालने का शौक अब वाहन चालकों को भारी पड़ने वाला है। वरिष्ठ SP रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस लाइन में जब्त किए गए करीब 200 मॉडिफाइड साइलेंसरों को बुलडोजर चलाकर नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक इन साइलेंसरों से निकलने वाली तेज आवाज से सड़क पर चलने वाले लोगों के साथ बच्चों, बुजुर्गों और बीमार मरीजों को काफी परेशानी होती है। ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात के अधिकारी और कर्मचारी लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। पुलिस इससे पहले भी करीब 200 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर नष्ट कर चुकी है और अब एक बार फिर बड़ी संख्या में साइलेंसरों को बुलडोजर से कुचलकर खत्म किया गया है।

यातायात पुलिस की यह कार्रवाई अब केवल मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहने वाली है। पुलिस ऐसे दुकानदारों और एजेंसियों को भी चिन्हित कर रही है, जो वाहनों के लिए नियमों के विपरीत साइलेंसर बेचते हैं या उन्हें फिट करने का काम करते हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानों और एजेंसियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में ध्वनि प्रदूषण रोकने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चालकों से निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर का ही इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

Latest News

दंडवत करते कलेक्ट्रेट पहुंचे जटराज के ग्रामीण, विस्थापन के दर्द ने सड़क पर ला दिया

तीन दिन में गांव खाली कराने का आरोप, छह अलग-अलग जगहों पर बसाए गए परिवार आज भी मूलभूत सुविधाओं...

More Articles Like This

- Advertisement -