बिलासपुर(आधार स्तम्भ) : बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में देर रात हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। तिफरा के यदुनंदन नगर बाजार चौक में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा स्थित यदुनंदन नगर बाजार चौक में देर रात आपसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की घटना हुई। इस हमले में केवल गिरी गोस्वामी नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने व्यस्त बाजार क्षेत्र में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। स्थानीय लोगों ने भी बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



