बालोद(आधार स्तम्भ) : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शादी के महज 45 दिन बाद एक नवविवाहिता के अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर भागने और फिर रेलवे ट्रैक पर हुए दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है। घटना में प्रेमी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि नवविवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम कोरतरा निवासी 23 वर्षीय मोनिका खरे का विवाह 22 अप्रैल 2026 को बालोद जिले के ग्राम परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम कुमार खरे से हुआ था। शादी के करीब 45 दिन बाद शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात वह अपने प्रेमी मिथलेश ठाकुर के साथ ससुराल से निकल गई। दोनों बाइक से लगभग 20 किलोमीटर दूर ग्राम दैहान स्थित रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रेलवे ट्रैक के पास दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत और विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि मिथलेश मोनिका पर उसके साथ विवाह कर रहने का दबाव बना रहा था। प्रत्यक्ष परिस्थितियों और घायल युवती के बयान के आधार पर पुलिस का कहना है कि ट्रेन आने के दौरान मोनिका लगातार मिथलेश को पटरी से हटने के लिए कहती रही, लेकिन वह नहीं माना। उसे बचाने की कोशिश में दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में डौंडीलोहारा क्षेत्र के ग्राम भीमपुरी निवासी 28 वर्षीय मिथलेश ठाकुर के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में उसने ही डायल-112 को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मिथलेश को मृत घोषित कर दिया। मोनिका को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
इधर, नवविवाहिता के पति टीकम कुमार खरे ने बताया कि शनिवार तड़के करीब ढाई बजे उसकी नींद खुली तो पत्नी घर पर नहीं मिली। परिजनों के साथ काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। बाद में पत्नी ने फोन कर रेलवे ट्रैक पर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस से सूचना मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मिथलेश ठाकुर और मोनिका की पहचान करीब ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए थे। मृतक मिथलेश शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। परिजनों के अनुसार वह पहले हाइवा चालक के रूप में काम करता था और हाल ही में ट्रैक्टर चला रहा था।
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि घटना वाली रात मिथलेश शराब के नशे में मोनिका के ससुराल पहुंचा था और उसे अपने साथ लेकर गया था। दैहान क्षेत्र पहुंचने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद यह हादसा घटित हुआ। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।



